मैकूलाल अस्पताल पर इनकम टैक्स का छापा
शहर के मैकूलाल अस्पताल में इनकम टैक्स की टीम ने छापा मारा। कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच दो बजे से प्रारंभ हुई कार्रवाई रात आठ बजे के बाद तक जारी रही। इस बीच टीम ने स्टाफ के अलग-अलग बयान दर्ज किए साथ ही एक्सिस बैंक से कुछ सील प्रपत्र भी मंगाए गए। अस्पताल में छापे से शहर में भी सनसनी फैली रही और लोग हकीकत जानने को अस्पताल के इर्द गिर्द घूमते देखे गए। एलएच चीनी मिल रोड पर स्थित पंडित मैकूलाल वीरेंद्र नाथ हास्पिटल पर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे बरेली से आए इनकम टैक्स इंवेस्टीगेशन ब्यूरो के एडीआई संजय शर्मा के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम ने छापा मारा। छापे के लिए टीम स्थानीय पुलिस बल साथ लेकर पहुंची। पुलिस को अस्पताल गेट और चारों ओर लगा दिया गया। जबकि टीम ने अंदर पहुंचकर कार्यालय अपने कब्जे में ले लिया। दो बजे से रात आठ बजे तक टीम अस्पताल के अंदर ही जांच करती रही। इस बीच करीब छह बजे एक्सिस बैंक से कुछ सील बंद प्रपत्र मंगवाए गए। साथ ही अस्पताल स्टाफ के अलग-अलग बयान दर्ज किए गए। सूत्रों की मानें तो सरकार की आईडीएस (इनकम डिक्लरेशन स्कीम) के तहत पूंजीपतियों को अपनी संपत्ति की घोषणा की थी, लेकिन अस्पताल मालिकों सहित कई लोगों ने ऐसा नहीं किया। इसी को लेकर अस्पताल इनकम टैक्स के रडार पर था। समाचार लिखे जाने तक अस्पताल के अंदर कार्रवाई जारी थी। इस दौरान केवल अस्पताल में भर्ती मरीज के तीमारदारों को ही आने जाने दिया जा रहा था। बाकी लोगों का प्रवेश भी रोक दिया गया।