सर्द हवाओं ने बिगाड़ा मौसम का मिजाज
मंगलवार सुबह सर्द हवाओं व कोहरे ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दीं, वहीं सूर्यदेव ने दर्शन देकर लोगों को मामूली राहत दी। शाम पांच बजे के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया। जिले में ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार सुबह पूरा जिला कोहरे की चादर से ढका रहा। प्रमुख राजमार्गों पर वाहनों की रफ्तार ब्रेक लगा रहा। अधिकतर वाहन दिन में भी दृश्यता कम होने के चलते हेडलाइट जलाकर गुजरते देखे गए। भारी वाहन रोड किनारे बने ढाबा और होटलों पर रुक गए। सुबह करीब साढ़े दस बजे सूरज ने दर्शन दिए और शाम तक धूप रही, लेकिन सर्द हवाओं के बीच धूप लोगों को कोई खास राहत नहीं दे सकी। शाम पांच बजे के बाद सर्द हवाओं का प्रकोप एक बार फिर बढ़ गया। ठंड से बुजुर्ग और बच्चे सबसे ज्यादा परेशान दिखे। सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ भाड़ कम दिखी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया।