खाद भरा ट्रक पकड़े जाने के मामले में मंगलवार को डीएम के निर्देश पर
मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला कृषि अधिकारी की तहरीर पर माधोटांडा पुलिस
ने कृभको गोदाम इंचार्ज सहित पांच के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत
रिपोर्ट दर्र्ज की है।
अपर जिला सहकारी अधिकारी हरेंद्र सिंह पांगती ने
28 जनवरी को देरशाम माधोटांडा रोड पर खाद से भरा ट्रक पकड़ा था जिसे
माधोटांडा थाने के सुपुर्द कर दिया गया। खाद पूरनपुर के कृभको सेवा केंद्र
ले जाई जा रही थी। इस मामले की जानकारी के बाद मामले को दबाने के काफी
प्रयास किए गए लेकिन डीएम की सख्ती के चलते बचाव के सारे प्रयास फेल हो गए।
इस मामले की जांच कर रहे जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्रा ने कृभको
सेवा केंद्र प्रभारी के बयान दर्ज किए। इस दौरान गांव बिलंदपुर अशोक के तीन
किसानों ने खाद अपनी होने का दावा किया था। मामले में गड़बड़ी मिलने पर
एसडीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम को रिपोर्ट भेज कर कार्रवाई की
संस्तुति की थी।
मंगलवार को तहसील दिवस में डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को
मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर जिला
कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र ने कृभको गोदाम प्रभारी डीसी शुक्ला, ट्रक
चालक मोहम्मद हनीफ और खाद अपनी बताने वाले तीनों किसान क्रमश: शिवशंकर,
सुरेंद्र कुमार व शिवदास के खिलाफ माधोटांडा थाने में तहरीर दी।
एसओ
राजेंद्र सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर पांचों के खिलाफ आवश्यक वस्तु
अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।