बीसलपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सं संबद्ध ग्रामीण इलाकों में कर्मचारियों की घोर शिथिलता के चलते दो माह में 18,798 में से सिर्फ 1,231 प्लास्टिक वाले आयुष्मान कार्ड ही बंट पाए हैं। यह हाल रहा तो बाकी कार्ड बंटने में पूरे तीन साल लग जाएंगे।
क्षेत्र की 78 ग्राम पंचायतों में 18,798 लाभार्थियों के प्लास्टिक वाले आयुष्मान कार्ड (पीवीसी) करीब दो माह पूर्व लखनऊ से सीएचसी को उपलब्ध करा दिए गए थे। इनका वितरण तो शुरू हो गया है, लेकिन बेहद धीमी गति से। कर्मचारियों की लापरवाही के चलते दो माह में केवल 1,231 कार्डोंं का ही वितरण हो पाया है, जबकि कार्ड बांटने के लिए 78 कर्मचारी लगाए गए हैं। यानी प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक कर्मचारी को कार्ड बांटने के लिए लगाया गया हैै।
एक सप्ताह से सर्वर डाउन होने के कारण नए कार्ड भी नहीं बन पा रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों के पास कार्ड बांटने के लिए भरपूर समय था, लेकिन कर्मचारियों की लावरवाही जारी रही। कार्ड न मिलने से लाभार्थियों में रोष है। स्वास्थ्य केंद्र के संबंधित पटल प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि कार्ड सिर्फ लाभार्थी के हाथ में ही दिया जाता है। लाभार्थियों के घरों पर न मिलने से दिक्कत आ रही है। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर से कार्ड वितरण के लिए विशेष अभियान चलेगा।