गुरुद्वारा दमदमा साहिब गोमती पुल के तीसरी मंजिल के लिंटर निर्माण में कारसेवकों में खासा उत्साह रहा। भारी संख्या में संगत के लोगों ने कारसेवा कर लिंटर डलवाया व गुरुद्वारे का लंगर छका। गुरुद्वारे का शिलान्यास कलगीधर ट्रस्ट बडू साहिब के संत बाबा इकबाल सिंह ने करीब दो साल पहले किया था। गुरुद्वारा चार मंजिला बनना है।
निर्माणाधीन गुरुद्वारा में करीब दो साल से निर्माण कार्य चल रहा है। तीसरी मंजिल पर लिंटर डालने की रविवार को शुरूआत हुई। इसमें कारसेवा को सुबह से ही संगत की भीड़ गुरुद्वारा परिसर में एकत्र होने लगी थी। जब लिंटर डालने का कार्य शुरू तो तमाम लोग कारसेवा को जुटे थे। भारी संख्या में कारसेवकों ने कतार बनाकर निर्माण कार्य में कार सेवा की।
मुख्य सेवादार बाबा जसवंत सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा में रविवार को तीसरी मंजिल पर लिंटर डालने का कार्य शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा चार मंजिला बनेगा। इसके बाद गुंबद निर्माण कराया जाएगा। कारसेवा में इलाके की संगत के भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
इस दौरान मुख्य सेवादार बाबा जसवंत सिंह, डॉ. जोगेंद्र सिंह, लखविंदर सिंह, अतेंद्र पाल सिंह, सुखदेव सिंह, दलवीर सिंह, पिंदर सिंह, गुलविंदर सिंह, कृपाल सिंह, मुनेंद्र पाल सिंह आदि प्रमुख लोग मौजूद थे। अंत में मुख्य सेवादार ने कार सेवकों का आभार व्यक्त किया।