प्रथम चरण के मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों के पहुंचने का क्रम शुक्रवार रात तक जारी रहा। रात करीब एक बजे के बाद सभी मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में बंद किया जा सका। इसको लेकर मंडी में देर रात तक गहमा गहमी रही।
पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ था। जिले के मरौरी और बरखेड़ा ब्लाक क्षेत्र में हुए मतदान के बाद रात सात बजे से पोलिंग पार्टियों के पहुंचने का क्रम शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम अजयकांत सैनी, कार्मिक प्रभारी डीडीओ एके सिंह चंद्रौल सहित तमाम अधिकारी रात दो बजे तक मंडी में मौजूद रहकर मतपेटियों और मतदान संबंधी अभिलेखों को जमा कराते रहे। सभी मतपेटियां देर रात मंडी समिति में पांच दुकानों में बने स्ट्रॉग रूम में रखवा कर सुरक्षा कर्मियों के सुपुर्द कर दी गई। स्ट्रॉगरूम में पहली नवंबर तक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। कार्मिक प्रभारी / डीडीओ एके चंद्रौल ने बताया कि मरौरी ब्लाक की सभी मतपेटियां मंडी समिति में रखवाई गई हैं। उधर, बरखेड़ा ब्लाक क्षेत्र में हुए चुनाव के बाद पोलिंग पार्टियां जीजीआईसी पहुंची। वहां भी आधी रात बाद तक मतपेटियां जमा कराकर दो कमरों में बनाए गए स्ट्रॉग रूम में रखवा दी गई हैं।