पीलीभीत। महज 1.80 लाख रुपये हड़पने के लालच में एक युवक ने अपने ही दोस्त को नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। मरा समझकर सड़क किनारे फेंक गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच की। घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूरनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हुसैनापुर खुर्द निवासी अजय की खाद की दुकान है। माधोटांडा के ग्राम नवदिया धनेश निवासी सुरेंद्र कुमार नादिया फर्टिलाइजर कंपनी में सेल्स प्रतिनिधि है। दोनों अच्छे मित्र हैं।
पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले अजय ने सुरेंद्र से यूरिया मंगवाने को कहा और उसे 1.80 लाख रुपये दे दिए। अगले दिन सुरेंद्र ने अजय को पीलीभीत ले जाकर पैसे वापस किए और कहा कि यूरिया की गाड़ी रद्द हो गई है। सुरेंद्र के कहने पर अजय ने इस बात की जानकारी अपने चाचा को भी दे दी।
इसी दौरान रास्ते में सुरेंद्र ने अजय को कोई नशीला पदार्थ खिला दिया और शाहगढ़ अंडरपास के पास मारपीट कर मरा समझकर फेंक दिया। उसके रुपये, मोबाइल और पीओएस मशीन लूट ली। संदेह से बचने के लिए सुरेंद्र अजय की दुकान पर जाकर परिजनों के साथ उसकी तलाश भी करता रहा।
पुलिस ने 25 जुलाई को सुरेंद्र को घटना में लूटे गए 1.80 लाख रुपये, मोबाइल फोन और पीओएस मशीन के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है।