नगरपालिका की भूमि पर मिला अवैध कब्जा
शहर के मोहल्ला मदीनाशाह में नगर पालिका ने राजस्व टीम के साथ पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। इसमें उक्त भूमि नगर पालिका की होना बताते हुए अतिक्रमणकरियों को 31 मार्च तक हटने की बात कही गई। मोहल्ला मदीनाशाह में लाल रोड के समीप ही नगर पालिका है। वर्तमान में इस भूमि कई सीमेंट, बजरी आदि की दुकानें लगी है। हालांकि इस भूमि पर एक मकान भी बना हुआ है। कब्जे को लेकर मोहम्मद इमरान, अनस अंसारी, मोहम्मद मियां आदि ने जनसुनवाई के तहत अवैध कब्जे की शिकायत की थी। इसको लेकर कई अन्य लोगों ने भी नगर पालिका चेयरमैन व ईओ आदि से शिकायत की थी। इधर मामले को गंभीरता से लेते हुए अफसरों ने भूमि की पैमाइश कर अवैध कब्जेदारों को हटाने के निर्देश दिए थे। इस पर नगर पालिका प्रशासन ने राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। लेखपाल मदनलाल ने बताया कि पैमाइश में गाटा संख्या 1399 में 0.96 एकड़ भूमि पर कई अवैध कब्जेदार मिले हैं। नगर पालिका के संपत्ति अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि नगर पालिका की भूमि की पैमाइश पूरी कर ली गई है। इस भूमि पर करीब 15 लोगों के काबिज होने का मामला प्रकाश में आया है। इन सभी की सूची तैयार की जा रही है। फिलहाल इन अवैध कब्जेदारों को भूमि से हटने के निर्देश दिए गए हैं। टीम में लेखपाल हरीओम मिश्रा, राजेश कुमार, सफाई निरीक्षक प्रकाश चंद आदि शामिल रहे।