पूरनपुर। लॉकडाउन का फायदा उठाकर खनन माफिया ने अवैध रूप से खनन निकासी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को देर रात सूचना मिलने पर तहसीलदार और सीओ ने गांव कढेरचौरा के समीप निर्माणाधीन राइस मिल में खनन होते मौके पर पकड़ लिया। तहसीलदार ने चार ट्रैक्टर ट्रॉलियों और एक जेसीबी को पकड़कर सीज कर दिया है, जबकि तीन ट्रैक्टर चालक अफसरों को चकमा देकर भाग गए। तहसीलदार ने अवैध खनन निकासी की रिपोर्ट जिला खनन अधिकारी को भेजी है।
पिछले माह तत्कालीन एसडीएम हरीओम शर्मा ने गढ़वाखेड़ा में पंजाब एंड सिंध बैंक के पीछे दो एकड़ प्लाट में अवैध खनन होते पकड़ा था। एसडीएम की गाड़ी देखकर खनन में लगे 10 ट्रैक्टर ट्रॉली माफिया के गुर्गे मौके से भगा ले गए थे। लॉकडाउन के चौथे चरण में बृहस्पतिवार देर रात गांव कढेरचौरा में निर्माणाधीन राइस मिल में अवैध खनन निकासी की जानकारी पर तहसीलदार विजय कुमार त्रिवेदी और सीओ योगेंद्र कुमार ने छापा मारा। इस कार्रवाई से खनन माफिया के गुर्गों में भगदड़ मच गई। गुर्गे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से गायब करने में सफल हो गए। हालांकि अफसरों ने खनन निकासी में लगीं चार ट्रैक्टर ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन को पकड़ लिया। बड़े स्तर पर हो रहे अवैध खनन की सूचना पर सीओ योगेंद्र कुमार ने कोतवाल एसके सिंह और गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज को मौके पर बुलाकर ट्रैक्टर ट्रॉली और जेसीबी मशीन थाना पुलिस के सुपुर्द कर दीं। तहसीलदार विजय कुमार त्रिवेदी ने बताया कि राइस मिल के अंदर 1500 घन मीटर मिट्टी का खनन होना पाया गया। चारों ट्रैक्टर ट्रॉली और जेसीबी मशीन को सीज कर दिया गया है। तहसीलदार के अनुसार अनाधिकृत तरीके से खनन निकासी गांव रम्पुरा कोन का सुखदेव सिंह करा रहा था। इसकी रिपोर्ट जिला मुख्यालय पर खनन अधिकारी को भेजी गई है। मार्च में गढ़वाखेड़ा में पकड़े गए अवैध खनन की भी रिपोर्ट खनन अधिकारी को भेजी गई थी।
गहलुइया, सेहरामऊ उत्तरी में भी खनन जोरों पर
पूरनपुर। लॉकडाउन का फायदा उठाकर गांव गहलुइया के समीप और सेहरामऊ थाना क्षेत्र में भी पुलिस के संरक्षण में माफिया बड़े पैमाने पर अवैध खनन निकासी कर रहे हैं। शाम होते ही ट्रैक्टर ट्रॉलियों और जेसीबी मशीन से मिट्टी का खनन शुरू हो जाता है। यह पूरी रात चलता रहता है। अवैध खनन निकासी से सरकार को हर दिन लाखों के राजस्व का नुकसान हो रहा है।