बीसलपुर। जनता टेक्निकल इंटर कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इल्हाम शम्सी ने तय अवधि में अपना स्पष्टीकरण नहीं दिया है। ऐसे में अब कॉलेज प्रबंधन आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन के अधिकारियों से दिशा निर्देश की मांग करेगा।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी इल्हाम शम्सी पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में संबद्धीकरण के दौरान करोड़ों रुपये के घोटाले के आरोप लगे। उसके खिलाफ मुकदमा चल रहा है। उसे निलंबित किया जा चुका है। उसके कुछ सहयोगियों के विरुद्ध भी रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर तीन अधिकारियों की टीम ने कर्मचारी पर लगे आरोपों की जांच की थी, जिसमें सारे आरोप सिद्ध हो गए थे। अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय भेजी थी। जांच रिपोर्ट की एक प्रतिलिपि कॉलेज में आई थी। कॉलेज प्रबंधन ने उसी प्रतिलिपि के आधार पर आरोपी कर्मचारी के घर पंजीकृत डाक से नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा था। घर में ताला लगा होने के कारण डाकिया नोटिस लेकर वापस आ गया था। उसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने आरोपी कर्मचारी के घर नोटिस चस्पा करवाकर एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा था। एक सप्ताह का समय पूरा हो गया, तो कर्मचारी ने एक सप्ताह का और समय मांगा था।
कॉलेज प्रबंधन ने कर्मचारी के अनुरोध को स्वीकार करते हुए एक सप्ताह का समय दिया था। अब वह समय 31 जुलाई को खत्म हो गया। कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार सक्सेना ने बताया कि अब विभागीय उच्च अधिकारियों से दिशा निर्देश मांगे जाएंगे। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद