मौसम विभाग ने जताई है 4 से 6 अक्तूबर तक बारिश की संभावना
पिछले साल आई बारिश में खराब हो गई थी धान की कई एकड़ फसल
पीलीभीत। अक्तूबर का पहला सप्ताह किसानों के लिए परेशानी भरा हो सकता है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि कि मौसम विभाग ने जिले में 4 से 6 अक्तूबर के बीच बारिश की संभावना जताई है। अगर तीन दिन लगातार बारिश होती है तो खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को तगड़ा नुकसान हो सकता है। वहीं धान की कुटाई भी प्रभावित होगी।
एक सप्ताह पहले जिले में जमकर बारिश हुई थी। चार-पांच दिन में ही 85 एमएम से ज्यादा बारिश हो गई। उसके बाद से मौसम सामान्य है। अब शनिवार को बादल नजर आए हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि 4 से 6 अक्तूबर तक बारिश होने की संभावना बन रही है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। उसके बाद मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि इन दिनों धान की फसल तैयार खड़ी है। कटाई भी शुरू हो गई है। अगर ऐसे में बारिश होती है तो किसानों को पिछले साल की तरह नुकसान उठाना पड़ सकता है। बता दें कि पिछले साल अक्तूबर में ही जिले में बाढ़ आई थी और सैकड़ों एकड़ धान की फसल खराब हो गई थी।