फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परीक्षाकाल में सीसीटीवी कैमरा बंद होना माना जाएगा अपराध

Fri, 12 Jan 2018 07:51 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला,पीलीभीत
विज्ञापन
डेमो - फोटो : डेमो
विज्ञापन

यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरे यदि बंद पाए गए तो यह मामला संज्ञेय अपराध की श्रेणी में माना जाएगा। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर वैकल्पिक ऊर्जा की व्यवस्था कराई जाए। यह दिशा निर्देश डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा ने बोर्ड परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों की हुई बैठक में दिए।

विज्ञापन

माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय में केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक हुई। इस दौरान डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जिले में नकलविहीन परीक्षाएं संपन्न कराने में केंद्र व्यवस्थापक पूरा सहयोग करें। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा शुरू होने से करीब एक घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और करीब 15 मिनट पूर्व परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिकाएं बांटें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में लगे ब्लैकबोर्ड की चिकनी मिट्टी से पुताई कराने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्र पर बालिका परीक्षार्थी होने पर महिला कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी लगाई जाए। सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा शुरू होने से एक दिन पूर्व सभी कक्ष निरीक्षकों और कर्मचारियों की बैठक करें और उन्हें परिषद के नियमों से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि कक्ष निरीक्षक व परीक्षार्थियों के कक्ष से बाहर जाने का विवरण निर्धारित प्रारूप पर अनिवार्य रूप से भरा जाना चाहिए। प्रत्येक कक्ष में 40 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षक व 41 से 60 परीक्षार्थियों पर तीन कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाए। परीक्षा केंद्र पर 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक बाहरी रखे जाएंगें, साथ ही परीक्षा केंद्र पर कार्यरत सभी शिक्षक व कर्मचारी अनिवार्य रूप से परिचय पत्र लगाएंगे। उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं के सील बंडल पर हाईस्कूल में काली स्याही व इंटरमीडिएट में लाल स्याही से निर्धारित प्रारूप पर सूचना अंकित करने के निर्देश दिए। यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधन के प्रयोग में पकड़ा जाता है तो उसकी दोनों उत्तर पुस्तिकाएं अलग लिफाफे में बंद करके रजिस्टर्ड डाक द्वारा क्षेत्रीय कार्यालय बरेली प्रेषित की जाएं। ऐसे परीक्षार्थियों की कोई उत्तर पुस्तिका अन्य परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल में कदापि ने भेजे। बैठक में डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी, नरेंद्र सिंह, हेमलता शर्मा, किरन सक्सेना, सुरेश राय, जगदीश बहादुर गंगवार, मिश्रीलाल, बबितारानी, डॉ. योगेश, दयाराम भारती, दुर्वेश मिश्रा, नरेश शुक्ला, प्रियंका, रामप्रसाद सरोज, ओमपाल सिंह समेत कई केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

अनुपस्थित केंद्र व्यवस्थापकों को शोकॉज नोटिस
डीआईओएस कार्यालय में शुक्रवार को होने वाली बैठक में जिले के सभी 64 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को अनिवार्य रूप से बुलाया गया था। केंद्र व्यवस्थापकों को अपने प्रतिनिधियों को न भेजकर स्वयं बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे। इधर शुक्रवार को हुई बैठक में 59 केंद्र व्यवस्थापक ही उपस्थित हुए, जबकि पांच केंद्र व्यवस्थापक गैरहाजिर रहे। डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि बैठक में अनुपस्थित रहे पांच केंद्र व्यस्थापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
विज्ञापन


मतदाता साक्षरता क्लब का करें गठन
डीआईओएस कार्यालय में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर हुई बैठक के बाद मतदाता जागरूक अभियान को लेकर भी बैठक हुई। डीआईओएस ने सभी प्रधानाचार्यों को अपने-अपने विद्यालयों में मतदाता साक्षरता क्लब बनाकर एक शिक्षक को नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश दिए। विद्यालयों में मतदाता जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम कराएं। बताया कि 25 जनवरी को ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में मतदाता साक्षर मेले का आयोजन किया जाएगा। सभी प्रधानाचार्य प्रतिभागियों को साक्षर मेले में शामिल कराना सुनिश्चित करें।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें