जटपुरा मेें प्रधान पद की प्रत्याशी वर्षा सिंह की मौत के बाद प्रशासन ने प्रधान पद का चुनाव स्थगित कर दिया है। अब गांव में केवल पंचायत सदस्य पद के लिए बुधवार को मतदान कराया जाएगा। प्रधानी का चुनाव रद्द होने से चुनाव लड़ने वालों को निराशा हाथ लगी।
चौथे चरण में होने वाले चुनाव मेें ग्राम पंचायत जटपुरा से प्रधान पद के 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। चुनाव मे जीत हासिल करने को प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने पूरी ताकत झोंक रखी थी। इस दौरान प्रत्याशी वर्षा की रविवार को संदिग्ध मौत हो गई। प्रत्याशी की मौत के बाद ग्राम पंचायत में प्रधानी के चुनाव को लेकर असमंजस की स्थिति पर सोमवार को भी कुछ प्रत्याशी और उनके समर्थक प्रचार करते रहे। लेकिन प्रशासन द्वारा चुनाव स्थगित किए जाने की सूचना से लोगों में मायूसी छा गई।
एडीएम अजयकांत सैनी ने बताया कि प्रत्याशी की मौत पर अब जटपुरा में प्रधान पद का चुनाव नहीं होगा। ग्राम पंचायत सदस्य पद का चुनाव होगा। इसके लिए गांव में तीन बूथ बनाए जा रहे हैं। गांव में प्रधान पद का चुनाव स्थगन की सूचना चुनाव आयोग को भेज दी गई है। अब आयोग के निर्देश मिलने पर ही चुनाव कराया जाएगा।