पत्नी की तहरीर पर आरोपी देवर समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। माधोटांडा में जमीन के बंटवारे को लेकर छोटा भाई, बड़े भाई और उसकी पत्नी तथा बेटियों के सामने गाली गलौज करने लगा। इससे आहत बड़े भाई ने विषैला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव करनापुर निवासी किरनजोत कौर ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि 14 फरवरी को शाम चार बजे पति रंजीत सिंह स्कूल से बच्चों को लेकर घर पहुंचे। आरोप है कि घर में मौजूद देवर ने पिता को अपने पक्ष में कर लिया। वह रंजीत सिंह से जमीन जोतने की बात कहने लगा। इसी बात को लेकर देवर गुरसेवक पति के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर देवर परिजन के सामने ही अभद्रता करने लगा। इस दौरान बेटियां भी वहीं खड़ी थी। इससे आहत पति रंजीत सिंह ने कीटनाशक पी लिया। जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
23 मार्च को पत्नी किरनजीत ने माधोटांडा पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने देवर गुरसेवक और देवर के साले बिलसंडा निवासी गुरप्रीत के खिलाफ हत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।