कलीनगर। तहसील क्षेत्र के राजपुर गांव की सीमा में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग करीब आठ किलोमीटर दायरे तक फैल गई। घटना में सैकड़ों एकड़ नरई, भूसे के ढेरों के अलावा कई झोंपड़ियां जलकर राख हो गईं। करीब पचास ट्रैक्टरों से फसल जोतकर किसानों ने आग पर काबू पानी की कोशिश की। फायर ब्रिगेड कर्मियों को भी बुलाया गया। समाचार लिखे जाने तक कई स्थानों पर आग धधक रही थी।
तहसील क्षेत्र का राजपुर गांव बराही रेंज के जंगल से सटा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि रामकोट स्थित जंगल के नजदीक खड़े नरकुल से आग की शुरुआत हुई। जो बाद में खेतों में खड़ी नरई में पहुंच गई। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
चंद घंटों में ही आग सिमरा गांव तक करीब आठ किलोमीटर दायरे में फैल गई। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों ने सोशल मीडिया ग्रुपों पर मदद की गुहार लगाई। स्थानीय लोगों के मुताबिक आग से नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो पा रहा है, लेकिन सैकड़ों एकड़ नरई, विभिन्न क्षेत्रों में लगे सैकड़ों क्विंटल भूसे के ढेर और कई झोंपड़ियां जल गई हैं।
पालतू मवेशियों के भी आग की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने बताया कि आग की घटना की जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। आग पर काबू पाने के बाद नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
पूरनपुर में पांच एकड़ सब्जी, 18 ट्राॅली भूसा और 40 एकड़ नरई जली
पूरनपुर। गांव गैरतपुर जप्ती के खेतों मेें शुक्रवार दोपहर को लगी आग से किसान गुरपेज सिंह की पांच एकड़ सब्जी, लालाराम का तीन व सुलक्खन सिंह का 15 ट्राॅली भूसा तो करीब 40 एकड़ नरई जल गई।
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे गांव गैरतपुर की ओर नहर किनारे नरई के खेत में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना किसान जीत सिंह ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। जीत सिंह का आरोप है कि सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड कर्मी नहीं पहुंचे। किसानों ने ट्रैक्टरों से खेत जोतकर, पंपिंग सेट से पानी चलाकर किसी तरह आग पर काबू पाया। इस दौरान किसान गुरपेज सिंह की पांच एकड़ सब्जी, लालाराम का तीन व सुलक्खन सिंह का 15 ट्राॅली भूसा तो करीब 40 एकड़ नरई जल गई। संवाद
पशुशालाओं में आग लगने से जला एक लाख का सामान, तीन पशुओं की मौत
बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव मानपुर की तीन पशुशालाओं में मच्छर भगाने के लिए जलाई गई आग से लगभग एक लाख रुपये का सामान जल गया। इसके साथ ही आग में झुलस कर दो पशुओं की मौत भी हो गई।
गांव मानपुर निवासी सूरजपाल, देवदास ,बाबूराम और भगवान दास की पशुशालाओं में बृहस्पतिवार को देर रात मच्छर भगाने के लिए आग जलाई गई। आग जलाने के बाद वे लोग अपने घर के लिए चले गए। कुछ देर बाद पड़ोस की पशुशाला में आग जलाई गई। इस आग से उठी चिंगारी ने तीनों पशुशालाओं को अपने चपेट में ले लिया।
आग लगने की जानकारी होने पर पशुशालाओं के मालिक और अन्य ग्रामीणों ने अपनी ओर से मिट्टी फेंक कर बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग से तीनों पशुशालाओं में रखा काफी सामान जल गया। जले हुए सामान में छप्पर, दो साइकिलें, तीन तख्त, अनाज, लकड़ी आदि शामिल हैं। आग में झुलसने से सूरजपाल की एक गाय और बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई।
तीनों पशुशालाओं के मालिकों ने शुक्रवार को तहसील कार्यालय में संयुक्त रूप से सूचना दी। तहसीलदार करम सिंह ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। संवाद
तीन बीघा गेहूं की फसल जली
कलीनगर। कस्बे के समीप माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर शुक्रवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई। तेज हवा चलने से आग नरई को नष्ट करते हुए गेहूं की फसल तक पहुंच गई। घटना को लेकर आसपास के लोग जमा हो गए। आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर डायल 112 के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। घटना से करीब तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। संवाद
खेतो में लगी आग को बुझाते किसान । संवाद- फोटो : Samvad
खेतो में लगी आग को बुझाते किसान । संवाद- फोटो : Samvad