हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो प्रदेश भर में होगी हड़ताल
इलाहाबाद में डॉ. एके बंसल की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में चिकित्सक सड़क पर उतर आए हैं। आईएमए पदाधिकारियों की अगुवाई में चिकित्सकों ने प्रशासन को ज्ञापन सौपकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। चौबीस घंटे के भीतर गिरफ्तारी न होने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के बैनर तले डाक्टर एकत्र हुए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां डॉॅक्टरों ने एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. केएन तिवारी व सचिव डॉ. एसके मित्रा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी मदन लाल को सौंपा। इसमें डॉ. एके बंसल की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की गई। ज्ञापन में हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने व मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत कार्रवाई करने, स्थानीय स्तर पर सभी आईएमए डॉक्टरों को उचित सुरक्षा मुहैय्या कराने, आईएमए डॉक्टरों के लाइसेंसी हथियार आचार संहिता के चलते जमा न कराने की मांग की गई। डॉक्टरों ने 24 घंटे के भीतर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर प्रदेश भर में हड़ताल की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में आईएमए सचिव डॉ. एसके मित्रा, डॉ. पीडी सिंह, डॉ. आरएच गोखले, डॉ. विद्या गोखले, डॉ. एपी शर्मा, डॉ. अरविंद गोयल, डॉ. ज्ञान प्रकाश, डॉ. पीएन सक्सेना, डॉ. योगेंद्र नाथ मिश्रा, डॉ. भारत कंचन, डॉ. आस्था कंचन, डॉ. डीके गंगवार, डॉ. जेडी गंगवार, डॉ. तरुण सेठी, भारत सेठी शामिल रहे।
इसके बाद देर सायं आईएमए की बैठक शहर के एक होटल में हुई। इसमें हत्यारोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग चिकित्सकों ने की। इस बैठक में स्थानीय चिकित्सकों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग भी प्रशासन से की गई।