शहर की आवास विकास कॉलोनी में सोमवार सुबह पेड़ के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार अचानक तेज स्पार्किंग के साथ टूटकर नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि उस दौरान वहां कोई वाहन या व्यक्ति नहीं था। तार टूटने से सी ब्लाक की बिजली सप्लाई करीब चार घंटे ठप रही।
शहर में एपीडीआरपी योजना के तहत चार साल से बिजली लाइनें बदलने का कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक आवास विकास कॉलोनी के सी ब्लाक में पुराने जर्जर तारों से ही काम चलाया जा रहा है। बिजली महकमा पुरानी जर्जर लाइनों को जुगाड़ से चला रहा है। इससे आए दिन बिजली तार टूटकर गिर रहे हैं। सोमवार सुबह गैस एजेंसी के सामने पेड़ के पास से होकर गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन का तार अचानक तेज स्पार्किंग के साथ टूटकर गिर गया। गैस एजेंसी के सामने अमूमन उपभोक्ता अपने वाहन खड़े करते हैं और धूप से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े हो जाते हैं। तार टूटने के दौरान कोई भी व्यक्ति या वाहन वहां नहीं था। बिजली तार में करंट दौड़ता देख व्यापारी सलीम, मोहम्मद अतहर ने बिजली कर्मियों को इसकी सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद बिजली सप्लाई बंद की गई। चार घंटे बाद टूटी बिजली लाइन को दुरुस्त किया गया तब कहीं जाकर सी ब्लाक की बिजली सप्लाई शुरू हो सकी। बिजली लाइन तो दुरुस्त की गई, लेकिन कर्मचारियों ने पेड़ की टहनियों को नहीं काटा। कॉलोनी के लोगों ने दोबारा तार टूटने की आशंका जताई है। इधर एसडीओ दीपक नेगी ने बताया कि क्षतिग्रस्त बिजली लाइन को दुरुस्त कर दिया गया है। लाइन को जल्द ही पेड़ से अलग करा दिया जाएगा।