पीलीभीत। डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसपी अभिषेक दीक्षित ने शनिवार को हॉटस्पाट अमरिया में पुलिस बल के साथ रूटमार्च निकाला। दोनों अफसरों ने जहानाबाद सीएचसी में बने कोविड एल वन अस्पताल का भी निरीक्षण किया।
अमरिया को हॉटस्पाट घोषित किया गया है। जिलाधिकारी ने यहां लोगों से लॉकडाउन को लेकर जागरूक रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की। एसपी ने पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व डीएम और एससपी ने जहानाबाद सीएचसी में 30 बेड के बने कोविड-19 एल वन अस्पताल का निरीक्षण किया। शौचालय, विद्युत, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं ठीक करने को कहा। डीएम ने डाक्टर और स्टाफ के रहने और खाने-पीने की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। एडीएम अतुल सिंह, एएसपी रोहित मिश्रा, सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल, एसीएमओ डॉ. सीएम चतुर्वेदी, डीसीओ जितेंद्र मिश्र मौजूद रहे।