पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में 50 छात्रों के लिए छात्रावास का निर्माण कराया गया है। निर्माणदायी संस्था आरईएस से काम पूरा होने के बाद बुधवार को खादी एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री को सुबह 11 बजे इसका उद्घाटन करना था। उद्घाटन की तैयारियां चल रही थीं। इस बीच सपा के कुछ कार्यकर्ता भी वहां पहले से पहुंच गए। नवनिर्मित हॉस्टल के सामने गढ्डा होने और मार्ग पर कीचड़ आदि होने पर कार्यकर्ताओं ने निर्माण एजेंसी के अभियंताओं व ठेकेदार से पूछताछ की। भवन भी मानक के अनुरूप नहीं बना था। कार्यकर्ताओं ने इस पर रोष जताया। बाद में कार्यकर्ताओं ने इसकी जानकारी राज्यमंत्री को दी। कार्यकर्ताओं ने राज्यमंत्री को यहां तक बताया कि घटिया निर्माण कार्य पर मुहर लगवाने के मकसद से अधिकारी छाज्ञावास का उद्घाटन कराना चाहते हैं। फोन पर कार्यकर्ताओं से मिली इस जानकारी के बाद उद्घाटन को जा रहे राज्यमंत्री रास्ते से ही लौट गए। इससे उद्घाटन की व्यवस्थाएं धरी रह गईं। राज्यमंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को तलब किया गया है। निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी इसके बाद ही इसका उद्घाटन होगा। इस मौके पर इमत्याज अल्वी, आसिफ अली कादरी, अमित पाठक, अकरम मंसूरी, प्रशांत शर्मा, जौहर अब्बास, सूर्य प्रकाश गंगवार, मनोज तोमर, शरद त्रिवेदी सहि कई लोग मौजूद रहे।