गजरौला/ पीलीभीत। जनपद में कोविड नियंत्रण के लिए नामित नोडल अफसर कृपाशंकर पांडेय ने गजरौला पीएचसी और अग्रवाल सभा क्वारंटीन सेंटर पर छापा मारा। पीएचसी पर डॉक्टर ड्यूटी से गायब थीं। वहां गंदगी और अव्यवस्थाएं मिलीं। इस पर नोडल अधिकारी ने कर्मचारियों की जमकर फटकार लगाई।
बुधवार को जनपद के नोडल अफसर कृपाशंकर पांडेय सुबह 12 बजे गजरौला पीएचसी पहुंचे। पीएचसी पर अव्यवस्थाएं देखते वह वहां के स्टाफ पर बिफर पड़े। लेबर रूम, स्टाफ रूम में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पीएचसी की ओपीडी पर पहुंचे तो संविदा डॉक्टर निशा ड्यूटी से गायब मिलीं। जब डॉ. निशा को नोडल अफसर के निरीक्षण की जानकारी मिली तो वह आनन फानन में ड्यूटी पर पहुंच गईं। नोडल अधिकारी ने उनकी जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दवाईयों का स्टाफ और अन्य अभिलेखों को भी चेक किया। दो घंटे के निरीक्षण में पीएचसी स्टाफ में हड़कंप मचा रहा। नोडल अधिकारी ने अग्रवाल सभा भवन के क्वारंटीन सेंटर का भी निरीक्षण किया। वहां कार्यरत डॉ. देवेंद्र अस्थाना से भर्ती मरीजों के खाने-पीने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। सफाई व्यवस्था देखने के साथ उन्होंने मरीजों से बात भी की। हालांकि क्वारंटीन सेंटर पर लगभग सब कुछ ठीक मिला।