संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। घर से निकला होमगार्ड जवान गांव के निकट अचेत अवस्था में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने होमगार्ड जवान को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची गजरौला पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
गजरौला क्षेत्र के कैंच गांव निवासी विजय कुमार ने बताया कि उसका भाई अजय कुमार (22) पुत्र तारा चंद होमगार्ड जवान थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी पीलीभीत में चल रही थी। बुधवार को सुबह करीब आठ बजे अजय शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकले थे। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने सूचना दी कि वह खेतों की ओर अचेत अवस्था में पड़े हैं। इसपर परिजन मौके पर पहुंचे और उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए।
जहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी जगदीप सिंह मलिक ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया गया। मृतक के परिवार में पत्नी और एक साल की पुत्री है।