ड्यूटी के बाद घर लौट रहे होमगार्ड की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेकर परिवारीजनों को सूचना दे दी है।
कोतवाली क्षेत्र के लौंगहा गांव का निवासी 45 वर्षीय रतनलाल होमगार्ड था। सोमवार को उसकी ड्यूटी बीसलपुर कोतवाली में थी। देर शाम ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर के लिए निकला। पीलीभीत रोड पर बारात घर के नजदीक पहुंचते ही उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। राहगीरों से होमगार्ड के लहूलुहाल हालत में पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां डाक्टरों ने होमगार्ड को मृत घोषित कर दिया है। एसओ केपी सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से होमगार्ड की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है। हादसे की सूचना परिवारीजनों को दे दी गई है।