बिलसंडा। होली रखने की जगह को लेकर गौहनियां गांव के मजरा गोपीपुरा में रविवार रात होलिका की जगह को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। पुलिस ने क्रॉस एनसीआर दर्ज की। सोमवार सुबह एक पक्ष से काफी लोग थाने पहुंचे और होलिका स्थल पर कब्जे के आरोप को गलत बताया। कोतवाल ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
थाना क्षेत्र के गौहनिया गांव के मजरा गोपीपुरा में होली रखी गई है। गांव के महिपाल ने आरोप लगाया कि रविवार रात रामऔतार ने होलिका स्थल की जगह पर कब्जा कर दीवार बना ली। उन्होंने होलिका दीवार के भीतर की तरफ रखने की बात कही। उधर, रामऔतार ने लगाए गए कब्जे के आरोपों को गलत बताया। कहा कि उनकी दीवार सालों पुरानी है। कहीं पर कोई कब्जा नहीं किया गया। इसी बात पर दोनों ओर से लोग जमा हुए। गाली गलौज के बाद मारपीट होने लगी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया। रात में ही दोनों ओर से मिली तहारीर पर क्रॉस एनसीआर दर्ज कर ली गई। दूसरे दिन सोमवार सुबह विनोद पक्ष के समर्थन में गांव के करीब तीन दर्जन लोग थाने पहुंचे। उन्होंने होलिका स्थल पर कब्जा करने के लगाए गए आरोपों को गलत बताया। यह भी कहा कि रात में दो सिपाहियों ने उनकी सुनवाई करने के बजाय अभद्रता की। सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इंस्पेक्टर हरीशंकर वर्मा ने मामले की जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद भीड़ शांत हुई। इंस्पेक्टर का कहना है कि दोनों पक्षों से बातचीत कर ली गई है। अब किसी तरह की दिक्कत नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।