बीसलपुर के हिंदू सम्मेलन में संबोधित करते धर्मेंद्र संवाद
बीसलपुर। नगर के अग्रवाल सभा भवन में जानकी रतन हिंदू सम्मेलन समिति की ओर से रविवार की शाम विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन हुआ। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने कहा कि हिंदू समाज को अपने सनातन संस्कारों की ओर लौटना होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र व सनातन विरोधी शक्तियां हिंदू धर्म, संस्कार, जीवन मूल्य व राष्ट्र प्रथम विचारधारा को योजनाबद्ध तरीके से नष्ट करने में लगी हैं। प्रांत प्रचारक ने कहा कि आपातकाल के नाम पर समाज पर अत्याचार किए गए। फिर भी संघ अपने मार्ग से विचलित नहीं हुआ। उन्होंने संगठित हिंदू समाज व राष्ट्र प्रथम की भावना पर विशेष बल दिया।
इससे पूर्व सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों ने भारत माता के समक्ष दीप जलाकर व पुष्पार्चन करके किया। सम्मेलन में सनातन धर्म जागरण विषय पर बोलते हुए न्यूरानपुर मढ़ी के महंत हनुमान नाथ ने संगठित हिंदू समाज का संदेश देते हुए कहा कि हमें पुनः वेदों की ओर लौटना होगा, तभी हम एक सुरक्षित हिंदू राष्ट्र की परिकल्पना कर सकते हैं।
बालाजी गर्ल्स इंटर कॉलेज की पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. मंजू अग्रवाल ने कहा कि एक सशक्त राष्ट्र की परिकल्पना मातृशक्ति के बिना संभव नहीं है। हर दिशा में नारी शक्ति ने अपना महत्व प्रदर्शित किया है। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की आरती तथा वंदे मातरम् हुआ। संचालन शशि भूषण कटिहा ने किया।