पीलीभीत। परिषदीय स्कूलों के लिए 69000 सहायक अध्यापक भर्ती में चयनितों की काउंसिलिंग बुधवार से शुरू हुई। सुबह से ही बीएसए कार्यालय के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी। सुबह करीब 10 बजे काउंसिलिंग भी शुरू हो गई। थोड़ी देर की मारामारी के बीच दोपहर बाद हाईकोर्ट के निर्णय को देखते हुए शासन का आदेश आ गया। इसके बाद काउंसलिंग को स्थगित कर दिया गया। काउंसिलिंग में तमाम अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण पत्र जमा भी हो गए थे। काउंसलिंग निरस्त होने से अभ्यर्थियों के चेहरों पर मायूसी छा गई।
जनपद में 870 पदों पर शिक्षकों की काउंसलिंग कराई जानी थी। शासन से सूची प्राप्त होने के बाद बीएसए देवेंद्र स्वरूप ने बुधवार को अपने कार्यालय कैंपस में ही सात काउंटर लगवाकर काउंसिलिंग शुुरू कराई। सुबह 10 बजे काउंसिलिंग शुरू कर दी गई। देखते ही देखते सामाजिक दूरी को दरकिनार करते हुए अभ्यर्थियों की भीड़ जुट गई। कई अभ्यर्थी जमीन में बैठकर अपने मूल प्रमाण पत्रों की फाइल तैयार करते दिखे। इसी बीच हाईकोर्ट के निर्णय की खबर आ गई। अभ्यर्थी असमंजस में रहे। दोपहर तीन बजे हाईकोर्ट के द्वारा शिक्षक भर्ती पर लगाई गई रोक का आदेश मिलने के बाद काउंसिलिंग को बंद कर दिया गया। इससे बाहर से आए अभ्यर्थी मायूस हो गए। पहले दिन 21 महिलाएं और 42 पुरूष काउंसिलिंग में शामिल हुए। उनके मूल प्रमाण पत्र भी जमा कर लिए गए।
शिक्षक भर्ती पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। आदेश मिलने के बाद काउंसिलिंग स्थगित कर दी गई है। नया आदेश आने के बाद ही काउंसिलिंग प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई जाएगी। - देवेंद्र स्वरूप, बीएसए