एसएसबी के साथ पुलिस और वन विभाग ने भी बढ़ाई सतर्कता, हर राहगीर की हो रही जांच, शारदा नदी के घाटों पर भी रखी जा रही नजर
माधोटांडा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य बनाने की कवायद शुरू हो गई है। खुली सीमा होने के कारण किसी भी संभावित घुसपैठ या संदिग्ध गतिविधि को रोकने के लिए एसएसबी ने बैरियरों पर सघन चेकिंग के साथ कच्चे रास्तों, शारदा नदी के घाटों और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस भी सीमावर्ती गांव में पहुंचकर लोगों को सतर्क रहने और संदिग्धों की सूचना तत्काल देने की अपील कर रही है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। खुली अंतरराष्ट्रीय सीमा होने के कारण सीमा पार से होने वाली आवाजाही पर पहले से कहीं अधिक कड़ी नजर रखी जा रही है। सीमा पर तैनात एसएसबी ने बैरियरों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। सीमा सुरक्षा के लिए सिर्फ मुख्य मार्गों पर ही नहीं, बल्कि नेपाल से भारतीय क्षेत्र में आने वाले कच्चे रास्तों पर भी जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
नौजल्हा चौकी क्षेत्र में एसएसबी के जवान शिफ्टवार ड्यूटी कर रहे हैं। इधर, रमनगरा पुलिस ने भी सीमावर्ती गांवों में फ्लैग मार्च और भ्रमण शुरू कर दिया है। इसके साथ ही ग्रामीणों को संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि पुलिस को सीमा क्षेत्र में चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद