पीलीभीत। कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट हो गईं हैं। रोजाना होने वाली कोरोना जांचों का दायरा बढ़ा दिया गया है। जनपद में बुुधवार तक जहां प्रतिदिन करीब एक हजार लोगों की जांच हो रही थी। वहीं पिछले दो दिनों में यह आंकड़ा तीन हजार को पार कर गया है।
कोरोना की चौथी लहर को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। जिले में भी सैंपलिंग का दायरा बढ़ा दिया गया है। जिला अस्पताल से लेकर देहात क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। कोरोना वार्ड बनाने के साथ दवाओं को स्टॉक भी पूरा किया गया है। बुधवार को न्यूरिया क्षेत्र के गांव बिथरा निवासी युवक में कोरोना की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया।
सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से पूरी सतर्कता बरती जा रही है। 28 टीमों को जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब शहर के अलावा सीएचसी स्तर पर प्रत्येक टीम 75 लोगों की जांच करेगी। बृहपतिवार को 34 सौ से अधिक लोगों की कोरोना जांच की गई। शुक्रवार को भी तीन हजार से अधिक लोगों की जांच कराई गई। आरटीपीसीआर के अलावा एंटीजन जांच भी शुरू हो गई है।
उन्होंने बताया कि न्यूरिया क्षेत्र के जिस युवक में कोरोना की पुष्टि हुई है वह पिछले दिनों जिले से बाहर नहीं गया। सर्दी खांसी के चलते उसमें कोरोना के लक्षण मिले हैं। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। हालत स्थिर होने के कारण उसे घर में ही आइसोलेट किया गया है।
000
प्राइवेट अस्पतालों में भी सतर्कता बरतने के निर्देश
कोरोना की रोकथाम में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अफसर प्रयास कर रहे हैं। सीएमओ ने सरकारी के साथ अब प्राइवेट अस्पतालों में भी सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के साथ मरीजों और तीमारदारों की नियमित कोरोना जांच के लिए विभाग को सैंपल भेजने की हिदायत दी गई है। हालांकि अस्पतालों में अभी आदेश में अमल दिखाई नहीं दे रहा है।
000
अस्पतालों में सर्दी, जुखाम, बुखार के मरीजों पर रखी जा रही विशेष नजर
कोरोना को लेकर जारी अलर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता शुरू कर दी है। इसके लिए रेलवे स्टेशन, रोडवेज समेत अन्य भीड़ वाले इलाकों में कोविड गाइडलाइन का पालन कराने पर जोर दिया जा रहा है। सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि अभी अस्पतालों में आने वाले मरीज और उनके तीमारदारों की जांच होगी। वायरल की समस्या से ग्रसित लोगों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
000
कोरोना जांच का आंकड़ा
सोमवार- 1100
मंगलवार- 980
बुधवार - 1050
बृहस्पतिवार- 3417