पीलीभीत। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद बाजार के साथ अब सरकारी अस्पतालों की ओपीडी (वाह्य रोगी विभाग) चार जून से खुलेंगी, जिससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी। गाइडलाइन में नेत्ररोग विभाग और ईएनटी सर्जन विभाग के दो घंटे खुलने के समय को बढ़ाकर सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक कर दिया गया है। गंभीर बीमारियों से ग्रसित रोगियों को भर्ती भी किया जा सकेगा। इस दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर शुरू होने के बाद सरकारी अस्पतालों की ओपीडी बंद कर दी गई थी। हालांकि प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी सेवा बंद नहीं की गई थी। सरकारी ओपीडी बंद होने से ग्रामीण क्षेेत्रों में रहने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी थी। एक्टिव केस की संख्या कम होने के बाद अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने चार जून से ओपीडी खोलने के निर्देश दिए हैं।
जिले में एक संयुक्त जिला चिकित्सालय है। जिसमें महिला और पुरुष अस्पताल संचालित हैं। इसके अलावा जिले में नगरीय पीएचसी समेत 21 पीएचसी हैं और आठ सीएचसी हैं। इन सभी जगह ओपीडी खोली जाएंगी। बुखार, खांसी के मरीजों के लिए अलग से फीवर हेल्प डेस्क बनाई जाएंगी। ओपीडी सुबह नौ बजे से दो बजे तक चलेगी। वहीं ब्लैक फंगस को लेकर जिला अस्पताल में चल रही दो घंटे की ओपीडी को भी पूरे टाइम के लिए कर दिया गया है।
ऑपरेशन ऑपरेशन और डिलीवरी की जाएगी
गर्भवती महिलाओं की समस्या पर सरकार ने निस्तारण कर दिया है। सीएचसी, पीएचसी के साथ जिला महिला अस्पताल में महिलाओं की डिलीवरी को लेकर आदेश जारी किया है। अब सभी जगह डिलीवरी हो सकेगी, ऑपरेशन भी हो सकेगा, लेकिन ऑपरेशन से पहले कोरोना की जांच करानी होगी। वहीं जिला अस्पताल के सामान्य ऑपरेशन भी हो सकेंगे।
शासन के आदेश मिलने के बाद सभी को सूचित कर दिया गया है। साथ ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक ओपीडी चलेगी। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मरीजों को देखा जाएगा। अगर किसी का ऑपरेशन होगा तो उससे पहले उसकी कोरोना जांच अवश्य कराई जाएगी। - डॉ. अनिल मिश्रा, सीएमएस, जिला अस्पताल
सीएचसी-पीएचसी पर ओपीडी की सुविधा चालू करने के लिए एमओआईसी को निर्देश दे दिए गए हैं। कोविड नियमों का पालन करते हुए ओपीडी संचालित होगी। - डॉ. सीमा अग्रवाल, सीएमओ