पीलीभीत। मंगलवार को रक्तदानियों ने एक प्लेटफार्म पर आकर महादान किया। मौका था अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में राजकीय ब्लड बैंक में लगे रक्तदान शिविर का। शाम तीन बजे तक 16 महादानियों ने रक्तदान किया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में जिला अस्पताल स्थित राजकीय ब्लड बैंक में आयोजित हुए रक्तदान शिविर का शुभारंभ जिला पुरुष अस्पताल के सीएमएस डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने किया। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा कोई अन्य दान नहीं हो सकता। अन्य लोगों को भी इसकेे लिए आगे आना चाहिए।
शिविर में मंगलवार सुबह नौ बजे से ही रक्तदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शहर की निरंजनकुंज कॉलोनी निवासी शिक्षक नरेंद्र सिंह ने सबसे पहले रक्तदान किया। फिर एक-एक कर महादानियों ने रक्तदान किया। कई रक्तदाता ऐसे रहे जो अब तक दस से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं। वहीं कुछ रक्तदाता ऐसे भी आए जिन्होंने पहली बार इस महादान में हिस्सा लिया। रक्तदान करने का सिलसिला शाम तीन बजे तक चला। शिविर में 16 रक्तदाताओं ने महादान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
नवरात्र के चलते कम पहुंचे महादानी
मंगलवार को नवरात्र पर्व का तीसरा दिन था। रक्तदान की इच्छा होने के बावजूद कई रक्तदानियों ने उपवास के चलते रक्तदान नहीं किया। इसके चलते रक्तदानियों की संख्या कम रही।
पति को रक्तदान कराने पहुंची रुचि
शहर की निरजन कुंज कॉलोनी निवासी नरेंद्र सिंह अपनी पत्नी रुचि के साथ सबसे पहले रक्तदान करने पहुंचे। पेशे से शिक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि पत्नी की इच्छा थी कि मैं रक्तदान करूं। अमर उजाला के रक्तदान शिविर के बारे में पढ़ा तो रक्तदान करने आ गया है।
रक्तदानी बोले रक्तदान सबसे बड़ा दान
रक्तदानी नरेंद्र सिंह का कहना था कि रक्तदान महादान की श्रेणी में आता है। गांव दियोरिया निवासी प्यारेलाल गंगवार का कहना था कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है। नकटादाना कॉलोनी निवासी सुशील कुमार के मुताबिक रक्तदान करने से कई फायदे होते हैं। इनायतगंज निवासी महेश माथुर के अनुसार आपका रक्त किसी के जीवन को बचाता है। एकतानगर के सजल कौशिक ने कहा कि सभी जीवन में कम से कम एक बार रक्तदान जरूर करें। बिचपुरी के सीताराम के मुताबिक रक्तदान से शरीर स्वस्थ रहता है। आरवी सिंह के अनुसार ब्लड की जरूरत किसी को भी पड़ सकती है। सुनगढ़ी के लालकरन कहते हैं रक्तदान, महादान। बीसलपुर के कुलदीप यादव के मुताबिक रक्तदान हर वर्ग धर्म के लोगों को करना चाहिए। एकतानगर के रोहित राठौर अमर उजाला के इस शिविर से महादान का मौका मिल ही गया। अंशुल गौड़ कहते हैं परोपरकार से शांति मिलती है। आकाश सक्सेना के अनुसार रक्तदान के प्रति लोग जागरूक हों। आशुतोष शर्मा बोले- जरूरतमंदों के लिए रक्तदान करता रहूंगा। स्पर्श पटेल के मुताबिक रक्तदान लाभदायक होता है। अर्पित ने बताया कि अमर उजाला के माध्यम से रक्तदान करके बेहद खुशी हुई।