पीलीभीत। ठंड में पानी का सेवन कम करने से इन दिनों शुगर, ब्लड प्रेशर, पेट सहित हृदय रोगियों की समस्याएं बढ़ गई हैं। पानी की कमी से शरीर में बढ़ती समस्याओं से संबंधित मरीज रोजाना जिला अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में पहुंच रहे हैं। चिकित्सक परामर्श और जांच के साथ मरीजों को ज्यादा से ज्यादा गुनगुना पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।
ठंड के दिनों में लोग पानी का सेवन काफी कम कर देते हैं। इससे शरीर में पानी की मात्रा में कमी आ जाती है। पानी की कमी का असर पूर्व में इलाज करा रहे लोगों पर ज्यादा पड़ता है। इन दिनों पानी का सेवन कम करने वाले लोगों में शुगर, ब्लड प्रेशर, पेट में कब्ज की शिकायत, घबराहट होना, चक्कर आना आदि की शिकायतें बढ़ रही हैं। जिला अस्पताल में शनिवार को आधे दिवस की ओपीडी में मेडिसिन वार्ड में 200 से अधिक मरीज पहुंचे। इसमें 40 से अधिक मरीज ठंड में पानी का सेवन कम करने के चलते बढ़ रही समस्याओं के थे। इन मरीजों में कुछ दिनों से ब्लड प्रेशर कम होना, पेट में पाचन क्रिया ठीक न होने से पेट खराब व घबराहट होना, चक्कर आने की समस्या की दिखी। इसी के साथ चेस्ट विभाग में कफ समस्या के मरीजों की भी संख्या बढ़ती देखी गई। मरीजों को परामर्श के साथ दवाएं भी बांटीं गईं।
रोज पीएं गुनगुना पानी
जिला अस्पताल के वरिष्ठ मेडिसिन चिकित्सक डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि ठंड में आमतौर पर लोग पानी पीने में आलस करते हैं। शरीर में पानी की मात्रा कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि शुगर के मरीज सहित ब्लडप्रेशर, पाचन क्रिया में पानी की उपयोगिता व हृदय रोगियों को रोजाना गुनगुने पानी का अधिक सेवन करना चाहिए। गुनगुने पानी के सेवन से सीने में कफ की समस्या खत्म होती है।