पीएचसी पुराना अस्पताल में बच्चे का परामर्श लेते चिकित्सक। संवाद
पीलीभीत। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। इससे रविवार को जिले के प्राथमिक और शहर के नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे जन आरोग्य मेले में मरीजों की भीड़ जुटी। मेले की जांच की आधी-अधूरी व्यवस्थाओं ने मरीजों को परेशान किया।
दीपावली के बाद से लगातार मौसम में बदलाव आ रहा है। शाम ढलते ही मौसम ठंडा हो रहा है। लोगों में सर्दी-जुकाम, खांसी, सरदर्द आदि शिकायतें हो रही हैं। रविवार को शहर के जोशीटोला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सौ से अधिक मरीजों ने परामर्श लिया। ज्यादातर मरीज सर्दी और बुखार के पहुंचे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुराना अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अदनान ने 67 मरीजों को परामर्श दिया। लैब टेक्नीशियन की तैनाती न होने से मरीजों की जांच नहीं हो सकी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागगुल शेर खां में चिकित्सक डॉ. रोहित ने 107 मरीजों को परामर्श दिया। यहां भी बुखार की दवाएं तो दीं लेकिन शुगर, डेंगू, मलेरिया, टायफाइड आदि की जांचें नहीं हो पाईं।