पीलीभीत। महिला अस्पताल के गेट पर प्रसव कराने के मामले का स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने संज्ञान लिया है। इस मामले में बृहस्पतिवार को ट्वीट करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने लिखा कि अव्यवस्थाओं के चलते खुले में प्रसव के लिए बाध्य महिला के प्रकरण में उनके आदेश पर सीएमओ ने जांच की है। दोषी संविदा स्टाफ नर्स को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। सीएमएस को प्रतिकूल प्रविष्टि दे दी गई है। इस मामले में बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट किया था। इसके बाद ही स्वास्थ्य मंत्री और उप मुख्यमंत्री का पदभार संभाल रहे बृजेश पाठक का ट्वीट आया है।
वहीं दूसरी ओर यह प्रकरण जिला स्तर पर कर्मचारियों में चर्चा का विषय है। कहा जा रहा है कि जिसे दोषी बताया जा रहा है उस स्टाफ नर्स का पक्ष ही नहीं सुना गया। न ही कोई जांच वैधानिक तरीके से हुई है। कुछ संविदा कर्मियों ने कार्रवाई पर ही सवाल खड़े किए हैं। सीएमओ को भेजे एक पत्र में कुछ कर्मचारियों ने कहा कि संविदा स्टाफ नर्स की सेवाएं समाप्त करते हुए कुछ जिम्मेदारों को बचाया गया है। इसका अधिकारी संज्ञान लें ताकि निष्पक्षता बरकरार रहे।
जिले में 19 नए कोरोना संक्रमित मिले
पीलीभीत। जिले में बृहस्पतिवार को 19 नए कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। संक्रमित की संख्या 34 पहुंच गई। अच्छी खबर यह है कि सामान्य लक्षण होने के चलते 32 को होम आइसोलेट किया गया है। बृहस्पतिवार को 426 लोगों की करोना जांच की गई। सीएमएस डॉ. बीएस यादव ने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए सतर्कता बनाए रखें। भीड़ भरे स्थानों से परहेज करें और मास्क जरूर लगाएं। संवाद