पीलीभीत जिले में संभावित बाढ़ के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले की बाढ़ चौकियों पर 36 मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है। वहीं डाक्टरों की तीन मोबाइल टीमें भी बनाई गई हैं। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गभिया सहराई में एक 108 एंबुलेंस भी मुहैय्या कराई गई है। जिले में शारदा नदी अमूमन हर साल भारी तबाही मचाती है। बाढ़ समाप्त होने के बाद बाढ़ ग़्रस्त इलाकों में बीमारियां तेजी से पैर पसारती हैं। ऐसे में क्षेत्र के बाढग़्रस्त होने व मार्गों के कटने के चलते सरकारी अस्पतालों की टीमें मौके पर नहीं पहुंच पाती हैं। इधर बाढ़ग़्रस्त क्षेत्रों में आपात स्थिति से निपटने को सेहत महकमा कमर कस चुका है। महकमे द्वारा जिले की 36 बाढ़ चौकियों पर मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है। डॉक्टरों की तीन मोबाइल टीमों का भी गठन किया गया है। जो जरूरत पड़ने पर क्षेत्रों में मरीजों का परीक्षण करेंगे। इसके अलावा तराई क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गभिया सहराई में एक 108 एंबुलेंस भी मुहैय्या करा दी गई है। इसके अलावा सभी सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व उपकेंद्रों, आशाओं व एनएनएम को क्लोरीन की गोलियां उपलब्ध करा दी गई है। सीएमओ डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि संभावित बाढ़ के चलते टीमों का गठन कर उन्हें बाढ़ चौकियों पर तैनात किया जा चुका है। अन्य तैयारी भी पूर्व में ही कर ली गई थी।