तहसील क्षेत्र के अति पिछड़े गांव चंदिया हजारा में मंगलवार को राजीव गांधी सेवा केंद्र परिसर में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें 454 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क दवाई दी गई। शिविर में महिलाओं की संख्या अधिक रही। कई बुजुर्ग भी लाठी के सहारे शिविर में स्वास्थ्य लाभ लेने को पहुंचे।
विकास की दृष्टि से काफी पिछड़े गांव चंदिया हजारा की बंगाली कालोनी में मंगलवार को करीब साढ़े दस बजे जब अमर उजाला की चिकित्सा मोबाइल वैन पहुंची तब लोगों में एक उम्मीद दौड़ी कि आज तो गांव में ही चेकअप के साथ दवाई भी नि:शुल्क मिलेगी। शिविर की जानकारी गांव के लोगों को पहले ही मिल चुकी थी, लिहाजा 100 से अधिक लोग वहां मौजूद थे। वैन पहुंचने की जानकारी पर लोगों की भीड़ बढ़ती गई। करीब ग्यारह बजे पंजीकरण कराने वालों की संख्या खासी बढ़ गई। इस पर पंजीकरण को तीन काउंटर लगाने पड़े। भारी भीड़ को लेकर पंजीकरण, चेकअप और दवाई वितरण काउंटरों पर भारी भीड़ लगी। शिविर में 454 मरीजों ने पहुंचकर परीक्षण कराकर दवाई ली। शिविर में सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अरविंद प्रताप सिंह, डॉ. देवेश गिरि ने परीक्षण किया। जबकि जटपुरा पीएचसी के चीफ फार्मेसिस्ट अनिल मिश्र की देखरेख में मरीजों को दवाई बांटी गई।