बैठक में उपस्थित न होने पर 31 हेडमास्टरों का एक दिन का वेतन रोका
बीएसए के आदेश को हवा में उड़ाने वाले 31 हेडमास्टरों पर आखिरकार गाज गिर ही गई। बीएसए ने 30 नवंबर को हुई बैठक से नदारद रहने वाले हेडमास्टरों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
ब्लाक संसाधन केंद्र मरौरी में 30 नवंबर को शैक्षिक गुणवत्ता सुधार सुनिश्चित करने को बैठक हुई थी। बताते हैं कि बैठक में 196 हेडमास्टरों में से करीब 31 हेडमास्टर अनुपस्थित रहे। बीएसए मसऊद अक्ष्तर अंसारी ने मामला संज्ञान में आने पर कड़ी आपत्ति जताई। साथ ही इन सभी का एक दिन का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए। बीएसए ने बताया कि बैठक में गैरहाजिर रहे 31 हेडमास्टरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। लापरवाही मिलने पर इन सभी का एक दिन का वेतन रोका गया है।
कार्रवाई पर गुस्साया शिक्षक संघ
बीएसए द्वारा 31 हेडमास्टरों पर की गई कार्रवाई पर प्राथमिक शिक्षक संघ भड़क उठा। मरौरी ब्लॉक के अध्यक्ष बाबूराम गंगवार और कोषाध्यक्ष पवन सिन्हा आदि ने कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना था कि बैठक का मरौरी ब्लॉक के सभी 196 शिक्षकों को बुलाया गया था, जबकि सभागार में मात्र 50-55 लोगों के बैठने की क्षमता है। बैठक की जानकारी भी व्हाट्सअप पर दी गई थी। जिन हेडमास्टरों पर कार्रवाई की गई है, उनमें कुछ तो आकस्मिक अवकाश पर थे। शिक्षक नेताओं ने कार्रवाई वापस न होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।