गुरुवार को बैंक ऑफ बड़ौदा से रेलवे क्रासिंग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान दुकानदारों और पालिका कर्मचारियों में काफी नोकझोंक हुई। नॉवल्टी टॉकीज के पास कुछ दुकानदारों और कर्मचारियों में हाथापाई भी हो गई। व्यापार मंडल और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर अभियान में पक्षपात किए जाने का आरोप लगाया है।
नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने तहसीलदार नन्हे लाल के निर्देशन में बृहस्पतिवार को बैंक ऑफ बड़ौदा से रेलवे क्रासिंग तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानदारों और नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों में कई बार काफी नोकझोंक हुई। नॉवल्टी टॉकीज के पास कुछ दुकानदारों और कर्मचारियों में हाथापाई भी हो गई।
मारपीट से मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अभियान थम गया। बाद में कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस मंगाई गई, जिसके बाद अभियान दोबारा शुरू हुआ। वंचित इलाकों में नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने चिन्हीकरण भी किया। इस दौरान नगर पालिका परिषद के ईओ सुरेंद्र प्रताप और नगर पुलिस चौकी प्रभारी वीके गुप्ता भी मौजूद थे।
अभियान में पक्षपात का आरोप
व्यापार मंडल और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम बीपी सिंह से मिलकर अभियान में पक्षपात किए जाने का आरोप लगाया है। एसडीएम से मिलने वालों में राकेश मित्तल, अली हसन अंसारी, दिनेश अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अनुज अग्रवाल और सुशील अग्रवाल समेत तमाम लोग शामिल थे।