पीलीभीत। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट का कारोबार लोगों की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ कर रहा है। दूध, मावा, पनीर, मिठाइयों, मसालों और दालों जैसे रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों में लगातार मिलावट सामने आ रही है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई में जनवरी से मई 2026 तक लिए गए 96 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच में फेल पाए गए हैं।
इन मामलों में अदालतों ने दोषी विक्रेताओं पर करीब 27 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ कई को कारावास की सजा भी सुनाई है। इसके बावजूद मिलावटखोरी का धंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से त्योहारों, विशेष अभियानों और नियमित जांच के दौरान जिले के विभिन्न बाजारों, डेयरियों, मिठाई दुकानों और किराना प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशालाओं में भेजे गए थे। जांच रिपोर्ट आने पर 96 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे।
रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ अपर जिला मजिस्ट्रेट और एसीजेएम न्यायालय में वाद दायर किए गए। सुनवाई के बाद दोषियों पर पांच हजार रुपये से लेकर तीन लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया गया, जबकि कई मामलों में कारावास की सजा भी सुनाई गई।