पीलीभीत। हाथरस कांड को लेकर लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। सामाजिक कार्यकर्ताओं से लेकर राजनैतिक संगठन इस वीभत्स कांड की निंदा करते हुए बिटिया को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतर आए हैं। शुक्रवार को भी कई संगठनों ने जुलूस निकालकर ज्ञापन सौंपा तो किसी ने कैंडल मार्च निकालकर बिटिया को श्रद्धांजलि दी। सभी संगठनों ने दरिंदगी के दोषियों को फांसी की सजा देने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
मोहल्ला नखासा में बृहस्पतिवार शाम को लोग जमा हुए। यहां से हाथरस की बिटिया को श्रद्धांजलि देने के लिए कैंडल मार्च निकाला। गैस चौराहा स्थित शहीद दामोदर दास पार्क पहुंचकर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। संतराम राठौर एडवोकेट, कुंवरजीत माथुर, शरद त्रिवेदी, रजी हुसैन, प्रियंका सिंह आदि मौजूद थे। राहुल-प्रियंका गांधी सेना के कार्यकर्ताओं ने जाटों का चौराहा स्थित कार्यालय पर कैंडल जलाकर हाथरस की बिटिया को श्रद्धांजलि दी। जिलाध्यक्ष अभिनव गुप्ता गोल्डी, राशिद अंसारी, वीरेंद्र रस्तोगी, रविंद्र नाथ अग्रवाल, गोकुल प्रजापति आदि मौजूद रहे। महर्षि बाल्मीकि सेना के अध्यक्ष अटल बाल्मीकि की अध्ध्क्षता में ठेका सफाई कर्मचारियों ने वाटर वर्क्स में शोक सभा की। राजकुमार, चंद्रप्रकाश, आनंद, ओम, गुड्डू आदि मौजूद थे। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम वित्त एवं राजस्व अतुल सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिला प्रभारी शैलेंद्र शर्मा, प्यारेलाल, राजू मौर्य, हर्षित गंगवार, करन कुमार शर्मा आदि मौजूद थे।
बीसलपुर। नगरपालिका के सफाई कर्मचारी गुरुवार को दुबे प्राथमिक विद्यालय के पास जमा हुए। जुलूस निकालकर तहसील कार्यालय पहुंचे और एसडीएम चंद्रभानु सिंह के आशुलिपिक विजयपाल को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन दिया। उसमें हाथरस के दोषी एसपी, डीएम को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष रामसरन, नगराध्यक्ष हरपाल, जयपाल, रामनरेश, हरीश, विकास आदि मौजूद थे।
एडीएम को ज्ञापन सौंपते शिवसेना कार्यकर्ता।- फोटो : PILIBHIT