पूरनपुर (पीलीभीत)। हरियाणा के फरीदाबाद में स्थित कल्याण ज्वैलर्स की दुकान से चोरी गई सोने की अंगूठी आरोपी महिला ने नगर के एक सराफा व्यापारी को बेच दी। महिला के साथ पहुंची हरियाणा पुलिस व्यापारी को साथ ले गई।
थाना फरीदाबाद में तैनात एसआई नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस बरेली के नगरिया निवासी पूजा पाठक को लेकर कोतवाली पहुंची। कोतवाली पुलिस की मदद से आरोपी व्यापारी की दुकान पर छापा मारा। बाद में पुलिस व्यापारी को कोतवाली लेकर आई।
कई सराफा व्यापारी कोतवाली में पैरवी के लिए पहुंचे। अंगूठी की कीमत 90 हजार रुपये लेने के लिए पहले हरियाणा पुलिस राजी हो गई, बाद में मामला नहीं बना और हरियाणा पुलिस सराफा व्यापारी को साथ ले गई।
एसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि फरीदाबाद में कल्याण ज्वैलर्स की दुकान से चार अप्रैल को खरीदारी करने पहुंची बरेली की महिला ने अंगूठी चोरी कर ली थी। दुकानदार की ओर से चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई। सीसीटीवी फुुटेज से आरोपी महिला की शिनाख्त की गई। इसके बाद उसे अंगूठी बरामद करने के लिए रिमांड पर लाया गया।