हॉकी प्रतियोगिता में जीत के लिए जोर आजमाइश करते खिलाड़ी संवाद
पूरनपुर। अटल बिहारी बाजपेई मेमोरियल प्रांतीय हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बाबू श्रीचंद हॉकी एकेडमी हरदोई और स्पोर्ट्स क्लब मझोला के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। पेनाल्टी शूट में हरदोई क्लब की टीम 4-3 से विजेता घोषित की गई। प्रतियोगिता का फाइनल मैच 26 मार्च को खेला जाएगा।
असम चौराहा स्थित पूर्व विधायक के मैदान में शुक्रवार को शुरू हुई छह दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक बाबूराम पासवान, नगर पालिका चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मैच बाबू श्री चंद हॉकी एकेडमी हरदोई और स्पोर्ट्स क्लब मझोला के बीच हुआ। चार क्वार्टर (15-15) मिनट के खेल में तीन क्वार्टर में दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर रहीं। चौथे क्वार्टर में हरदोई के खिलाड़ी ने विरोधी टीम के खिलाफ गोल कर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। मगर कुछ ही मिनट बाद मझोला टीम के खिलाड़ी मित्तू ने विरोधी टीम पर गोल दाग कर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
मैच के अंतिम समय पर दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर रहीं। मैच का परिणाम निकालने को पेनाल्टी शूट कराया गया। इसमें हरदोई की टीम के खिलाड़ी ने गोल कर टीम को 4-3 से जीत दिला दी। प्रतियोगिता के उद्घाटन के दौरान एसडीएम अजीत प्रताप सिंह, विधायक पुत्र ऋतुराज पासवान, तहसीलदार हबीबउर रहमान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, नगराध्यक्ष हर्ष प्रधान, दिनेश आजार रहे। प्रतियोगिता के आयोजक डायमंड क्लब के अध्यक्ष महेश आजाद ने बताया कि प्रतियोगिता में गोंडा, शाहजहांपुर, रामपुर, फर्रुखाबाद, मझोला, हरदोई सहित अन्य शहरों की 16 टीमें भाग ले रही है।