पूरनपुर। रेलवे लाइन पर गांव लालपुर के कृष्णपाल (33) का शव संदिग्ध हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। जांच में पुलिस ट्रेन से टकराकर उसकी मौत होने की आशंका व्यक्त कर रही है।
हादसा मंगलवार रात को किसी ट्रेन से होना बताया जा रहा है। कृष्णपाल का शव गांव लालपुर के समीप और उदयपुर हाल्ट से करीब पौन किलोमीटर दूर रेलवे लाइन के बीच में पड़ा था। मैलानी से पीलीभीत सुबह करीब साढ़े छह बजे आने वाली ट्रेन के चालक ने घटना स्थल से पहले ही ट्रेन को रोक दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को हटवाया। उसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया। पिता रामपाल ने बताया कि कृष्णपाल शादी आदि समारोह में हलवाई का काम करता था। वह मंगलवार को दिन में 11 बजे काम पर जाने की जानकारी देकर घर से निकला था। तीन भाईयों में कृष्णपाल मझला था। सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि थाना पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। संवाद