पिकनिक स्पॉट में तब्दील होगा गौहनिया तालाब
शहर में टनकपुर हाईवे स्थित गौहनिया तालाब जल्द पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने एक फिर कवायद शुरू कर दी है। डीएम ने इसका प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया है। ड्रमंड कॉलेज के सामने टनकपुर व माधोटांडा मार्ग के किनारे स्थित गौहनिया तालाब पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है। इससे तालाब का स्वरूप काफी कम हो गया है। करीब एक साल पूर्व इसका सौंदर्यकरण करने की योजना बनी थी लेकिन कुछ दिन की हवा हवाई बातों के बाद योजना ठप हो गई। अब एक फिर प्रशासन ने इस ओर अपना ध्यान आकर्षित किया है। डीएम ने अर्थ एवं संख्याधिकारी तिलक सिंह से इसका प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं साथ ही एसडीएम सदर जेपी चौहान को इसकी नाप जोख कराकर रिपोर्ट मांगी है। डीएम ने दोनों अधिकारियों से एक सप्ताह के अंदर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है ताकि समय रहते इसपर काम शुरू कराया जा सके।
चारों ओर घूमने को बनेगा पाथ
तालाब के चारों ओर घूमने के लिए पक्का रास्ता बनाया जाएगा। रास्ते के साथ ग्रिल लगाने के साथ लाइटें भी लगाई जाएंगी ताकि लोग शाम और रात के समय भी यहां भ्रमण कर आनंद ले सकें।
रात को जलेंगी रंगीन लाइटें
-तालाब के चारों ओर पाथ बनाकर लाइटें लगाने के साथ ही मध्य में भारत का नक्शा बनाकर उस पर रंगीन लाइटेें लगाई जाएंगी साथ ही बैठने के लिए बेंच आदि भी बनेंगी।
गौहनिया तालाब शहर के प्रमुख तालाब है। इसका सुंदरीकरण कराकर पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। जल्द ही इसपर काम शुरू कराया जाएगा।
- मासूम अली सरवर, डीएम