कंपनी के दंफ्तर में जांच करते अधिकारी
- फोटो : संवाद
उत्तराखंड से मौरंग, बजरी व रेता लाकर पीलीभीत जिले में बिक्री करने व भाड़ा वसूलने वाली रेहान ट्रेडिंग कंपनी में बृहस्पतिवार को बरेली यूनिट की जीएसटी एसआईबी (विशेष जांच शाखा) टीम ने छापा मारकर बड़ी कर चोरी पकड़ी। फर्म की ओर से आईटीसी का लाभ लेने के साथ 12 के जगह कुल पांच प्रतिशत कर जमा करना पाया गया। टीम देर शाम तक फर्म के दस्तावेज खंगालती रही।
जिले में जीएसटी की विशेष जांच शाखा इन दिनों सक्रिय है। कर चोरी करने वाली फर्मों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बृहस्पतिवार शाम चार बजे के एसआईबी के डिप्टी कमिश्नर अनिरूद्ध सिंह की अगुवाई में टीम ने पीलीभीत-बरेली हाईवे पर टाइगर तिराहे के करीब रेहान ट्रेंडिग कंपनी पर छापा मारा। जांच के दौरान करोड़ों रुपये की कर चोरी पकड़ी गई।
सवा दो करोड़ रुपये की कर चोरी पकड़ी
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि उक्त फर्म में बड़ी टैक्स चोरी मिली है। फर्म ने आईटीसी का लाभ लेने के साथ कुल पांच प्रतिशत जीएसटी जमा की, जबकि जीएसटी 12 प्रतिशत आईटीसी का लाभ लेने के बाद जमा की जानी थी। टीम के अनुसार 2021-22 में फर्म ने 7.25 करोड़ रुपये का व्यापार कर कुल 400 रुपये कर जमा किया। वहीं चार साल में फर्म ने 42 करोड़ का व्यापार किया। 2.50 करोड़ के जीएसटी में सिर्फ आठ लाख रुपये जमा किए। इस तरह करीब सवा दो करोड़ रुपये की कर चोरी मिली है।
जीएसटी एसआईबी के डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि फर्म की ओर से बड़ी टैक्स चोरी पाई गई है। दस्तावेज जब्त करने के साथ अभी जांच चल रही है। इसके बाद जुर्माना डाला जाएगा।