शौच के लिए उतरते समय अंधेरे में बिगड़ा संतुलन, सिर में गंभीर चोट से गई जान
गजरौला क्षेत्र के ग्राम लौकाहा में सोमवार देर रात की घटना
गजरौला। थाना क्षेत्र के लौकाहा गांव में विवाह समारोह के दौरान एक हादसे ने खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल दिया। दूल्हे के फूफा रात में शौच के लिए छत से नीचे उतर रहे थे, तभी अंधेरे में संतुलन बिगड़ने से वह पक्की सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृतक घोषित कर दिया।
घटना गजरौला थाना क्षेत्र के गांव लौकाहा में सोमवार रात करीब दो बजे की है। परिजनों के अनुसार, गांव लौकाहा निवासी नन्हेलाल के पुत्र गुरमेश की बरात बीसलपुर क्षेत्र के एक बरातघर गई थी। परिवार के अधिकांश सदस्य बरात में शामिल होने चले गए थे। दूल्हे के बरखेड़ा के ग्राम मधपुरी निवासी फूफा रमेश (35) घर पर ही रुक गए थे। रात में उन्होंने पड़ोस के मकान की छत पर आराम किया।
बताया गया कि सोमवार रात करीब दो बजे रमेश शौच के लिए नीचे उतर रहे थे। अंधेरा होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वह छत से सीधे नीचे पक्की सड़क पर जा गिरे। घायल अवस्था में उन्होंने मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन उस समय घर के भीतर महिलाएं ढोलक की थाप पर मांगलिक गीत गा रही थीं। शोरगुल के कारण उनकी आवाज किसी तक नहीं पहुंच सकी।
कुछ देर बाद एक पड़ोसी युवक की नजर सड़क पर घायल पड़े रमेश पर पड़ी। उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हुई। हादसे के बाद शादी वाले घर में जश्न की जगह मातम पसर गया। रमेश के परिवार में पत्नी और चार पुत्र हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीओ सिटी अजय यादव ने बताया कि परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमाॅर्टम कराया है। संवाद