- बीएसए ने मरौरी ब्लॉक के स्कूलों का निरीक्षण कर परखी शिक्षा की गुणवत्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी ने मरौरी ब्लॉक के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंपोजिट स्कूल बिथरा में भेजी गई धनराशि को खर्च नहीं किया गया था। इस पर उन्होंने कड़ी चेतावनी दी। वहीं एक स्कूल में एमडीएम (मिड डे मील) नहीं बना। इसको लेकर बीईओ को स्कूलों में जाकर सुधार कराने के निर्देश दिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने प्राथमिक स्कूल सैदपुर, रामनगर, कंपोजिट बिथरा, कल्लिया एवं सैजना वनकटी औचक निरीक्षण किया। फुलहर में प्रधान अध्यापक विनोद कुमार गंगवार ट्रेनिंग पर गए थे। मिड डे मील नहीं बनाया गया था। टीएलएम फोटो फ्रेम भी नहीं पाया गया।
कंपोजिट स्कूल बिथरा में छात्र उपस्थिति कम पाई गई। भेजी गई स्पोर्ट्स ग्रान्ट, फोटो फ्रेम की ग्रांट, माता उन्मुखीकरण का पैसा, लर्निंग कॉर्नर का पैसा खर्च नहीं किया गया था। अध्यापकों की ओर से उपस्थिति बढ़ाने के भी कोई प्रयास नहीं किए गए थे। इसके साथ ही किसी भी कक्षा में अध्यापक शिक्षण कार्य करते हुए नहीं पाए गए।
रामनगर खरौसा में छात्रों की शिक्षा गुणवत्ता को परखा, तो कक्षा तीन की छात्राओं ने अंग्रेजी की पुस्तक को स्पष्ट शब्दों में पढ़कर सुनाया। बीएसए ने खुद ब्लैक बोर्ड पर चार अंकों को लिखा, जिसे कक्षा तीन की छात्राओं ने अंग्रेजी में लिख दिया। इस पर बीएसए ने सराहना की। अन्य विद्यालयों में छात्र नामांकन के सापेक्ष उपस्थिति ठीक पाई गई।
बीएसए ने उपस्थिति बढ़ाने के साथ-साथ पंजिका एवं एमडीएम रजिस्टर डिजीटीलाइजेशन करने के कड़े निर्देश दिए।