संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। माधोटांडा थाने के गांव पचपेड़ा ताल्लुके महाराजपुर निवासी परमजीत कौर के बंद घर के ताले तोड़कर चोरों ने वाशिंग मशीन, एलईडी, मिक्सी आदि सामान चोरी कर लिया। चोरी की तहरीर माधोटांडा पुलिस को दी गई है। पुलिस चोर का कोई सुराग नहीं लगा सकी है।
पचपेड़ा ताल्लुके महाराजपुर निवासी परमजीत कौर को घर के ताले तोड़कर चोरी की सूचना बृहस्पतिवार को उसके जेठ के पुत्र अंग्रेज सिंह ने मोबाइल पर दी। परमजीत कौर ने बताया कि सात साल पहले पति की मौत के बाद अपने 13 वर्षीय पुत्र को साथ लेकर मायके बिलसंडा के गांव रुरिया गुरईया में रहती हैं। कभी कभार घर आकर साफ-सफाई कर फिर घर में ताले डालकर मायके चली जाती हैं।
घर में हुई चोरी की जानकारी पर शुक्रवार को घर पहुंचने पर घर के मुख्य दरवाजे और तीन संदूकों के ताले टूटे मिले। उन्होंने बताया कि चोर उसके घर से इन्वर्टर, तीन सौ ऊर्जा प्लेट, वाशिंग मशीन, एलईडी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। चोरी की तहरीर पुलिस को दी गई है।
चोर के सामान समेत पकड़ा
कलीनगर निवासी इरशाद खां ने बताया कि उसके घर से चोरों ने एक अप्रैल को चांदी की पायल, तीन अंगूठी, कैंची, प्लास्टिक की तीन बाल्टी आदि चोरी कर ली थीं। जानकारी पर आरोपी को सामान सहित पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। माधोटांडा पुलिस ने इरशाद की ओर से कलीनगर निवासी रईस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।