गांव गजरौला खास के बुजुर्ग की हत्या का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। गांव गजरौला खास के वृद्ध रामचंद्र की हत्या के मामले में नामजद किसान सुखपाल सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुत्र जीवन सिंह फरार है, जिसे पुलिस तलाश कर रही है।
गांव गजरौला खास निवासी रामचंद्र (65) का शव बृहस्पतिवार सुबह गांव गजरौला से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जटपुरा नहर पटरी पर मिला था। उनके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। रामचंद्र के भाई सियाराम की ओर से पुलिस ने गांव टंडोला निवासी किसान सुखपाल सिंह और उसके पुत्र जीवन सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की।
भाई सियाराम का आरोप था कि मजदूरी के रुपये मांगने पर रामचंद्र की सुखपाल सिंह ने अपने पुत्र के साथ मिलकर हत्या की। घटना के कारण को लेकर पुलिस ने जांच शुरू की। नामजद सुखपाल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सुखपाल के घर पहुंचकर उसके परिवार के लोगों से भी पूछताछ की, परिजन ने रामचंद्र के बुधवार शाम को छह बजे फार्म से जाने की जानकारी पुलिस को दी।
कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि जांच में किसान के फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरे बुधवार शाम को बंद मिले। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। किसान को हिरासत में ले लिया गया है, अब उसके पुत्र की तलाश की जा रही है।