पीलीभीत के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र की बल्लभनगर कॉलोनी में रिटायर्ड बाबू के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। सोमवार रात मकान के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। घटना के समय परिवार के सभी लोग बरेली गए हुए थे। मंगलवार को सुबह पड़ोसी ने परिवार को घटना की सूचना दी। पीड़ित के मुताबिक नकदी-जेवर समेत 40-50 लाख की चोरी हुई है।
विज्ञापन
बताया गया कि बल्लभनगर कॉलोनी निवासी कलक्ट्रेट के रिटायर्ड बाबू गजेंद्र पाल का निधन हो चुका है। उनके छोटे पुत्र चिरंजीव के यहां बरेली के एक निजी अस्पताल में पुत्री का जन्म हुआ था, जिस कारण परिवार के सदस्य वहां मौजूद थे। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखा तो परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर घर पहुंचे परिजनों ने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे समेत कमरों और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। चोर सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही सुनगढ़ी इंस्पेक्टर नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।