कुर्की करने पहुंची पुलिस टीम । संवाद
पूरनपुर। छह करोड़ की धोखाधड़ी और गबन के आरोपी राइस मिलर्स के हाजिर न होने पर कोर्ट के आदेश पर रविवार को पुलिस ने राइस मिलर्स के घरों से संपत्ति कुर्क कर ली। इस दौरान राइस मिलर्स एसोसिएशन के कुछ पदाधिकारी भी पहुंच गए, लेकिन पुलिस अपना काम करती रही।
धान खरीद केंद्रों से कूटने के लिए धान लेने के बाद चावल न लौटाने पर नगर निवासी राइस मिलर विजय अग्रवाल व चमन अग्रवाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बकाया जमा न करने पर राइस मिलें करीब एक साल पहले कुर्क कर ली गईं। पुलिस विवेचना के दौरान तनुज अग्रवाल का नाम भी रिपोर्ट में शामिल किया गया था। तनुज को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जमानत पर आने के बाद तनुज दोबारा कोर्ट नहीं पहुंचा।
इसके अलावा राइस मिलर विजय अग्रवाल की पत्नी चमन अग्रवाल, जगमोहन अग्रवाल की पत्नी रजनी अग्रवाल भी कोर्ट नहीं पहुंचीं। कोर्ट से इनके समन और फिर गिरफ्तारी वारंट जारी हुए। इसके बाद भी आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। इससे पहले पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। आरोपियों के हाजिर न होने पर कोर्ट केे आदेश पर 24 अगस्त को उनके घरों पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया था। रविवार को इंस्पेक्टर क्राइम ने टीम के साथ राइस मिलर्स के दो घरों से चल संपत्ति कुर्क की।