चंदिया हजारा के फुटबॉल मैदान पर मैच खेलते खिलाड़ी। स्रोत- आयोजक
पूरनपुर। चंदिया हजारा के फुटबॉल मैदान पर चल रही स्वामी विवेकानंद मैत्री फुटबॉल प्रतियोगिता में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले सेमीफाइनल में घोसियाना फुटबॉल क्लब गोला ने नवोदय यूथ क्लब नानपारा को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं, क्वार्टर फाइनल मुकाबले में माइकल इलेवन क्लब बहराइच ने इलेवन क्लब नेपाल को 3-1 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
शुक्रवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इलेवन क्लब नेपाल और माइकल इलेवन क्लब बहराइच की टीमें आमने-सामने थीं। पहले हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए खूब जोर लगाया, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली। दूसरे हाफ में बहराइच के विवेक ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके दस मिनट बाद नेपाल की टीम ने गोल दागकर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।
बराबरी के बाद बहराइच की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। खिलाड़ियों ने लगातार दो गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया। इस तरह बहराइच ने मुकाबला अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद खेले गए पहले सेमीफाइनल में नवोदय यूथ क्लब नानपारा और घोसियाना फुटबॉल क्लब गोला के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। पहले हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और स्कोर 0-0 रहा। दूसरे हाफ में गोला के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए एक गोल दाग दिया। अंत तक नानपारा की टीम बराबरी नहीं कर सकी। इस तरह गोला ने 1-0 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
अब शनिवार को टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल टीवाईसी क्लब नेपाल और बहराइच के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम फाइनल में घोसियाना फुटबॉल क्लब गोला से भिड़ेगी। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 15 नवंबर को आयोजित होगा।
इस दौरान प्रवीर सरकार, गौरांग मंडल, रविंद्रनाथ सरकार, मिथुन मंडल, सुबोध और ग्राम पंचायत प्रशासक वासुदेव कुंडू सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ग्राम पंचायत प्रशासक ने शनिवार को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की जानकारी दी।